नगर निगम भीलवाड़ा का महाभियान: 16 किलो प्लास्टिक जब्त, 60 प्रतिष्ठानों से हटाए अतिक्रमण

नगर निगम भीलवाड़ा का महाभियान: 16 किलो प्लास्टिक जब्त, 60 प्रतिष्ठानों से हटाए अतिक्रमण
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी फैलाने वालों और अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध चलाया जा रहा विशेष अभियान अब तीव्र गति पकड़ चुका है। आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि यह अभियान 9 फरवरी से 28 फरवरी तक विशेष रूप से चलाया जा रहा है।

प्लास्टिक और गंदगी पर भारी जुर्माना

सिंगल यूज प्लास्टिक: 19 फरवरी को निगम की टीम ने शहर में कार्यवाही करते हुए 16 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया और ₹8,700 का जुर्माना वसूला। अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 1040 किलो प्लास्टिक जब्त कर ₹1.95 लाख का जुर्माना लगाया जा चुका है।

स्वच्छ भारत मिशन: सड़क पर गंदगी और कचरा फैलाने वाले 28 व्यक्तियों पर ₹7,000 का जुर्माना किया गया। अब तक कुल ₹2.84 लाख की जुर्माना राशि वसूली जा चुकी है।

नगरीय विकास कर (UD Tax): गुरुवार को ₹2.80 लाख के बकाया नगरीय विकास कर की वसूली की गई। अब तक कुल ₹76.55 लाख का राजस्व वसूला जा चुका है।

अतिक्रमण पर चला पीला पंजा

निगम ने शहर के व्यस्ततम इलाकों— महारानी ट्रेड सेंटर से नेहरू रोड तक और माणिक्य नगर चौराहे पर बड़ी कार्यवाही की।

व्यावसायिक प्रतिष्ठान: करीब 60 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए पक्के और अस्थाई अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया।

मरम्मत कार्य: अतिक्रमण हटाने के दौरान जो सड़कें या नालियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, निगम ने उनके पुनर्निर्माण के कार्यादेश जारी कर काम शुरू करवा दिया है।

सड़क चौड़ीकरण: सड़क और नाली के बीच स्थित कच्ची जगहों को पक्का कर सड़क का हिस्सा बनाया जाएगा ताकि यातायात सुगम हो सके।

आयुक्त ने चेतावनी दी है कि शहर को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।

Next Story