दोवनी में सातम बन्देज उद्यापन का भव्य समापन, 178 जोड़ों ने आहुतियों के साथ पूर्ण किया यज्ञ


आकोला (रमेश चंद्र डाड)। क्षेत्र के दोवनी गांव स्थित डूंगरी के देवनारायण भगवान मंदिर परिसर में पिछले 12 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे सातम बन्देज उद्यापन कार्यक्रम का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन 178 जोड़ों ने मुख्य यजमान के रूप में बैठकर विधि-विधान से सामूहिक हवन यज्ञ संपन्न किया। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु के नाम समर्पित करते हुए यज्ञ कुण्ड में 2 लाख पवित्र आहुतियां अर्पित कीं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

इस विशेष आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ परिसर में मेले जैसा माहौल रहा, जहां बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने झूला-चकरी का आनंद लिया और विभिन्न स्टॉलों पर जमकर खरीदारी की। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर सभी भक्तों के लिए प्रसादी वितरण किया गया और रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें गायकों ने देर रात तक भजनों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में कांग्रेस के पूर्व कोटड़ी प्रधान नीरज गुर्जर, पंचायत समिति सदस्य भंवर गुर्जर (सिंहपुरा) सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामवासियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने मिलकर इस 12 वर्षीय अनुष्ठान की सफल पूर्णाहुति पर प्रसन्नता व्यक्त की।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story