बनकाखेड़ा में रामकृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ के चौथे दिन 18 जोड़ों ने दी आहुतियां; आज होगा पूर्णाहुति और महाप्रसादी का आयोजन

बनकाखेड़ा में रामकृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ के चौथे दिन 18 जोड़ों ने दी आहुतियां; आज होगा पूर्णाहुति और महाप्रसादी का आयोजन
X


सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। कस्बे के निकटवर्ती बनकाखेड़ा गांव स्थित श्री मोचड़िया के मंड देवनारायण भगवान मंदिर प्रांगण में भक्ति की सरिता बह रही है। श्री बानोड़ा बालाजी के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय श्री राम कृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ के चौथे दिन शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवताओं का आह्वान किया गया।

महायज्ञ के चौथे दिन यज्ञशाला में 18 जोड़ों ने स्थापित देवी-देवताओं, चारभुजा नाथ, माताजी और देवनारायण भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान स्तंभ पूजन और श्री राम स्तुति के साथ अश्व पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। बानोड़ा बालाजी के आचार्यों व पंडितों द्वारा उच्चारित मंत्रों के बीच हवन कुंड में भगवान श्री राम, शिवजी और षोडश मातृका सहित विभिन्न देवी-देवताओं के निमित्त 1008 आहुतियां दी गईं। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

आज होगा यज्ञ लक्ष्मी और चारभुजानाथ का विवाह

यज्ञ समिति के अनुसार, शनिवार दोपहर 2:15 बजे यज्ञ लक्ष्मी और चारभुजानाथ के फेरे (विवाह) का भव्य आयोजन होगा। इसके पश्चात पांच दिवसीय इस महायज्ञ की पूर्णाहुति महाआरती के साथ की जाएगी। पूर्णाहुति के बाद भगवान को भोग लगाकर महाप्रसादी का वितरण होगा। शनिवार रात्रि को पन्ना लाल सालवी एंड पार्टी द्वारा 'बगड़ावत कथा' का वाचन किया जाएगा।

मेले और भजनों का उमड़ रहा उत्साह

महायज्ञ के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। लोग परिक्रमा कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं। रात्रि में आयोजित मेले में आसपास के दर्जनों गांवों से ग्रामीण पहुँच रहे हैं, जहाँ डॉलर, चकरी और झूलों का आनंद लिया जा रहा है। गुरुवार रात्रि को आयोजित विशाल भजन संध्या में विजया किशोरी एंड पार्टी ने भक्तिमय भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story