राजस्थान में 19 अप्रैल से गूंजेगी शहनाई: अक्षय तृतीया पर भारी सावों को लेकर रसद विभाग अलर्ट, कार्ड दिखाने पर मिलेंगे अतिरिक्त सिलेंडर

राजस्थान में 19 अप्रैल से गूंजेगी शहनाई: अक्षय तृतीया पर भारी सावों को लेकर रसद विभाग अलर्ट, कार्ड दिखाने पर मिलेंगे अतिरिक्त सिलेंडर
X


भीलवाड़ा। राजस्थान में आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अबूझ सावे के साथ ही शादियों का सीजन परवान पर होगा। प्रदेशभर में होने वाले हजारों विवाह आयोजनों को देखते हुए अब लोग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस बीच, जिला रसद कार्यालयों में इन दिनों शादी के कार्ड लेकर पहुंचने वाले लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है।





शादी वाले घरों के लोग अब पहला निमंत्रण 'प्रथम पूज्य' भगवान गणेश को देने के बाद दूसरा कार्ड रसद अधिकारियों की चौखट पर लेकर पहुंच रहे हैं। दरअसल, विवाह समारोह में मेहमानों की संख्या के अनुसार सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लोग रसद विभाग से गुहार लगा रहे हैं। अधिकारियों को कार्ड दिखाकर निवेदन किया जा रहा है कि उन्हें समय पर और आवश्यकतानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं।

खाद्य विभाग के निर्देश: आवेदन के साथ देना होगा कार्ड

खाद्य विभाग के नियमानुसार, जिन परिवारों में शादियां हैं, उन्हें रसद कार्यालय में विवाह के निमंत्रण पत्र के साथ एक प्रार्थना पत्र (एप्लिकेशन) जमा करानी होगी। इसी आधार पर विभाग गैस एजेंसियों को शादी वाले घरों में प्राथमिकता से सिलेंडर सप्लाई करने के निर्देश जारी करेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि अधिक सिलेंडरों की जरूरत है, तो व्यावसायिक भट्टियों का उपयोग किया जाए। साथ ही, विभाग ने फिजूलखर्ची रोकने के लिए आमजन से शादी के मेनू में पकवानों की संख्या सीमित रखने का भी विनम्र आग्रह किया है।

Next Story