वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स 2.0 में भीलवाड़ा के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सशक्त मौजूदगी

भीलवाड़ा। नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 30 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स 2.0 में भीलवाड़ा के चार्टर्ड अकाउंटेंट सदस्यों ने उल्लेखनीय सहभागिता दर्ज कराई। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर देश विदेश से आए लेखांकन विशेषज्ञों ने वर्तमान आर्थिक परिदृश्य, डिजिटल नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कर प्रणाली में बदलाव और पेशेवर विकास से जुड़े विषयों पर मंथन किया।
कार्यक्रम के दौरान शाखा अध्यक्ष आलोक सोमानी ने बताया कि ऐसे राष्ट्रीय और वैश्विक आयोजन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को बदलते आर्थिक वातावरण के अनुरूप स्वयं को अद्यतन रखने का अवसर देते हैं और पेशे की गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि सम्मेलन में विश्व के विभिन्न देशों से करीब 8000 से अधिक लेखांकन विशेषज्ञों ने भाग लिया।
शाखा उपाध्यक्ष दिनेश सुथार ने बताया कि इस अवसर पर भीलवाड़ा के सीए पंकज जोशी को आईसीएआई द्वारा आयोजित डिप्लोमा इन इंफॉर्मेशन सिस्टम्स ऑडिट परीक्षा में अखिल भारतीय प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ।
शाखा सचिव अक्षय सोडाणी ने बताया कि सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री सीए पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन सीए कुमार मंगलम बिड़ला, इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ अकाउंटेंट्स के अध्यक्ष जीन बुकोट, कन्फेडरेशन ऑफ एशियन एंड पैसिफिक अकाउंटेंट्स की सीईओ जेनिफर लोपेज़, ज़ोहो कॉर्पोरेशन के सह संस्थापक श्रीधर वेम्बू, एचडीएफसी एएमसी के एमडी और सीईओ सीए नवनीत मुनोत तथा ज़ी बिजनेस के मैनेजिंग एडिटर सीए अनिल सिंघवी सहित कई दिग्गज वक्ताओं ने विभिन्न सत्रों में अपने विचार रखे।
सम्मेलन में भीलवाड़ा से सीए आलोक सोमानी, अक्षय सोडाणी, दिनेश आगाल, नवनीत तोतला, शाहरुख अहमद खान, रतन सिंह तंवर, सुनील सोमानी, विरेंद्र कुमार पटवारी, रजत गगरानी, अखिल काखानी, निर्भीक गांधी, सत्य नारायण लाठी, पुलकित राठी, मुरली अटल, चेचानी भाग चंद, अक्षत बिरला, मोनिका समदानी, राहुल समदानी, पुनीत कुमार मेहता और दिनेश सुथार सहित 30 से अधिक सदस्यों ने सहभागिता की।
इस आयोजन के माध्यम से भीलवाड़ा के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सक्रियता, पेशेवर प्रतिबद्धता और निरंतर सीखने की भावना राष्ट्रीय मंच पर स्पष्ट रूप से सामने आई।
