वेतन के लिए 'डिजिटल' जंग: भीलवाड़ा एमजी अस्पताल के 200 से अधिक कर्मियों ने 181 पर दर्ज कराई सामूहिक शिकायत

भीलवाड़ा। महात्मा गांधी चिकित्सालय में पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ ने अब आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। सोमवार को राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर एक साथ 200 से अधिक शिकायतें दर्ज कराकर सरकार तक अपनी गूंज पहुंचाई।

एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक फरीद मोहम्मद रंगरेज ने बताया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा वेतन में लगातार देरी के कारण अब मुख्यमंत्री स्तर तक बात पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया गया है। एक साथ सैकड़ों कॉल होने से चिकित्सा विभाग में हड़कंप मच गया है।

घर चलाने का संकट, ब्याज पर लेने पड़ रहे पैसे

राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज से संबद्ध इस अस्पताल के कर्मियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इसके चलते:

राशन, दूध, सब्जी और बैंक की किस्तों का भुगतान रुक गया है।

कर्मचारियों को दैनिक खर्चों के लिए भारी ब्याज पर कर्ज लेना पड़ रहा है।

संगठन ने इसे श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन बताया है।

चेतावनी: अब होगी कानूनी लड़ाई

अभियान के दौरान सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सुनील पोरवाल, सिराज खान, राजेश जोशी, लाल सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहे। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं हुआ, तो कर्मचारी कानूनी रास्ता अपनाएंगे और कार्य बहिष्कार जैसे बड़े आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Next Story