अरुणोदय 2025, घुमंतू समाज के बच्चों के जीवन में नई सुबह कार्यक्रम 12 को

भीलवाड़ा । संस्कारों की अलख जगाते हुए श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास की ओर से अंबेडकर नगर में संचालित गुरु श्री कानिफनाथ घुमंतू समाज छात्रावास एक प्रेरणादायक पहल का द्वितीय वार्षिक उत्सव मनाने जा रहा है। इस विशेष उत्सव को "अरुणोदय 2025: नई सुबह का आमंत्रण" नाम दिया गया है, जो घुमंतू समाज के बालकों के जीवन में शिक्षा और संस्कारों से आए क्रांतिकारी बदलाव को दर्शाएगा। प्रन्यास के अध्यक्ष हीरालाल टेलर एवं सचिव रवींद्र मानसिंहका ने बताया कि यह कार्यक्रम रविवार, 12 अक्टूबर 2025 को सायंकाल 4:15 बजे से आदर्श विद्या मंदिर, अंबेडकर नगर, डालडा मिल के सामने, काशीपुरी रोड, भीलवाड़ा में आयोजित होगा। पिछले तीन वर्षों से, यह छात्रावास सपेरे, बंजारा, कंजर, गाडोलिया, कालबेलिया और अन्य घुमंतू समाज के लगभग 28 बालकों (आयु 7 से 12 वर्ष) को एक नया जीवन दे रहा है।
ये वे बालक हैं जो पहले शिक्षा और बुनियादी संस्कारों से वंचित थे। छात्रावास अध्यक्ष गणेश सुथार एवं सचिव विशाल गुरुजी ने बताया कि छात्रावास में इन नन्हे-मुन्नों को आदर्श विद्या मंदिर में नियमित शिक्षण की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही, उनके संपूर्ण विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्हें उत्तम भोजन, रहन-सहन की बेहतर व्यवस्था, शारीरिक विकास के कार्यक्रम और गीत-संगीत के माध्यम से उच्च संस्कारों से पोषित किया जा रहा है। इन बालकों की जीवन शैली में जो अद्भुत और प्रेरणादायक परिवर्तन आया है, उसकी झलक वार्षिक उत्सव में देखने को मिलेगी। यह उत्सव समाज को यह संदेश देगा कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर किस प्रकार वंचित तबके के बच्चे भी मुख्यधारा में शामिल होकर अपने भविष्य को उज्जवल बना सकते हैं। गुरु श्री कानिफनाथ घुमंतू समाज छात्रावास प्रबंधन ने सभी नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को सपरिवार इस विशेष अवसर पर पधारने के लिए सादर आमंत्रित किया है। आयोजकों का मानना है कि उपस्थित लोगों का सान्निध्य इन नेक बालकों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और उनके भविष्य को और भी उज्जवल बनाने में सहायक होगा।
