विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026: भीलवाड़ा जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, कुल मतदाता 17.81 लाख

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026: भीलवाड़ा जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, कुल मतदाता 17.81 लाख
X

भीलवाड़ा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत शनिवार, 21 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी।

मतदाताओं की संख्या में 1.62 प्रतिशत की वृद्धि

प्रारूप प्रकाशन के समय जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों (आसीन्द, माण्डल, सहाड़ा, भीलवाड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर एवं माण्डलगढ़) में कुल मतदाताओं की संख्या 17,52,930 थी। पुनरीक्षण के बाद इसमें 1.62 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अब जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 17,81,395 हो गई है। इसमें 9,07,456 पुरुष, 8,73,925 महिला और 14 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

दावे और आपत्तियों का निस्तारण

अभियान के दौरान जिले में कुल 33,732 फॉर्म-6 (नाम जुड़वाने), 5,267 फॉर्म-7 (नाम हटवाने) और 10,984 फॉर्म-8 (संशोधन) प्राप्त हुए थे। इन सभी का निस्तारण करने के बाद अंतिम सूची तैयार की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता अपना नाम ऑनलाइन पोर्टल (voters.eci.gov.in) पर EPIC सर्च के माध्यम से देख सकते हैं।

नाम जुड़वाने की प्रक्रिया सतत जारी

बैठक में जानकारी दी गई कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना या संशोधन करना एक निरंतर प्रक्रिया है। पात्र नागरिक अभी भी ऑनलाइन ऐप या संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणजीत सिंह सहित कांग्रेस, भाजपा, बसपा, आम आदमी पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि मुश्ताक अली मंसूरी, गोपाल तेली, मो. हारून रंगरेज, राजकुमार माली, रामेश्वर लाल जाट, किशनलाल कीर, डालचन्द्र कोली, सत्यनारायण कोली, रणजीत सिंह कारोही और मोहम्मद कुरैशी मौजूद रहे।

Next Story