जनगणना 2027 का शंखनाद, आपकी रसोई से मोबाइल तक की जानकारी होगी दर्ज

जनगणना 2027 का शंखनाद, आपकी रसोई से मोबाइल तक की जानकारी होगी दर्ज
X

भीलवाड़ा | क्या आपके घर की रोटियां एलपीजी पर सिकती हैं या चूल्हे पर? आप इंटरनेट का लुत्फ मोबाइल पर उठाते हैं या लैपटॉप पर? आपके घर में कुल कितने शादीशुदा जोड़े हैं और छत किस सामग्री से बनी है? अब ऐसे ही 33 दिलचस्प सवालों के जरिए आपके परिवार की पूरी कुंडली तैयार की जाएगी।

जनगणना 2027 के महाभियान के लिए भीलवाड़ा शहर में बिसात बिछ चुकी है। नगर निगम प्रशासन ने पहले चरण की तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य मकानों का सूचीकरण और नंबरीकरण करना है।

डिजिटल होगी पूरी प्रक्रिया, 750 ब्लॉक में बंटा शहर

इस बार की जनगणना पारंपरिक कागजों के बजाय डिजिटल अधिक होगी। नगर निगम क्षेत्र को 750 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए CMMS पोर्टल के जरिए ब्लॉकों का आवंटन किया जा रहा है।

* प्रशिक्षण: 1 से 15 मई तक प्रगणकों को सघन ट्रेनिंग दी जाएगी।

* फील्ड वर्क: 15 मई से 30 जून तक कर्मचारी घर-घर पहुंचकर मकानों की नंबरिंग करेंगे।

* जिम्मेदारी: प्रत्येक प्रगणक को 150 से 180 मकानों (लगभग 800 लोग) का जिम्मा सौंपा गया है।

रसोई से लेकर मनोरंजन तक पर नजर

जनगणना 2027 केवल सिरों की गिनती नहीं, बल्कि जीवनशैली का आईना होगी। प्रगणक आपसे पूछेंगे कि मुख्य अनाज गेहूं है या बाजरा? टीवी पर फ्री डिश है या केबल? घर के फर्श और दीवारों में कौन सा मटीरियल लगा है? इन सवालों के पीछे का मकसद हर घर की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का सटीक डेटा तैयार करना है।

> अधिकारी की बात: "जनगणना के पहले चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 1 मई से प्रशिक्षण शुरू होगा और 15 मई से फील्ड वर्क। मास्टर ट्रेनर 11 फील्ड ट्रेनर को प्रशिक्षित करेंगे, जो आगे 40-40 प्रगणकों के बैच को तैयार करेंगे।"

> — हेमाराम चौधरी, आयुक्त व नगर जनगणना अधिकारी

>

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story