महादेव की महिमा, 21 साल बाद गूंजी किलकारी; चित्तौड़गढ़ की प्रियंका की झोली भरी

भीलवाड़ा हलचल| आस्था और विश्वास के आगे विज्ञान भी कभी-कभी नतमस्तक हो जाता है। भीलवाड़ा में चल रही शिव महापुराण कथा के दौरान एक ऐसा ही भावुक कर देने वाला प्रसंग सामने आया, जिसे सुनकर पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। चित्तौड़गढ़ जिले के नेगड़िया की रहने वाली प्रियंका के आंगन में 21 साल के लंबे इंतजार के बाद संतान की किलकारी गूंजी है।
डॉक्टरों ने छोड़ दी थी उम्मीद, दिल्ली तक कराया इलाज
प्रियंका ने कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा को लिखे पत्र में अपनी व्यथा साझा करते हुए बताया कि शादी के 21 साल बीत जाने के बाद भी वे संतान सुख से वंचित थीं। इस दौरान उन्होंने दिल्ली से लेकर देश के कई बड़े अस्पतालों और नामी डॉक्टरों के चक्कर लगाए, लेकिन हर जगह से उन्हें निराशा ही हाथ लगी। वर्षों के इलाज और लाखों खर्च करने के बाद भी उनकी मुराद पूरी नहीं हो पा रही थी।
"एक लोटा जल" से हुआ चमत्कार
प्रियंका ने पत्र में बताया कि जब उन्होंने शिव महापुराण कथा सुनी और पंडित मिश्रा द्वारा बताए अनुसार अटूट श्रद्धा के साथ महादेव को 'एक लोटा जल' अर्पित करना शुरू किया, तो उनके जीवन का अंधकार दूर हो गया। महादेव की कृपा से 21 साल बाद उन्हें संतान सुख की प्राप्ति हुई। प्रियंका ने अपनी इस खुशी को व्यासपीठ के माध्यम से साझा कर महादेव के प्रति आभार प्रकट किया।
व्यासपीठ से मिला आशीर्वाद
पंडित प्रदीप मिश्रा ने कथा के दौरान इस पत्र को पढ़ा और प्रियंका, उनके पति व नन्हे बालक को मंच के समीप बुलाकर विशेष आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि यह विश्वास की जीत है, जब भक्त निष्काम भाव से महादेव के द्वार पर जाता है, तो भोलेनाथ उसकी झोली अवश्य भरते हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
