सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा: भीलवाड़ा के 25 केंद्रों पर कड़े पहरे में होगी परीक्षा, नियम तोड़े तो उम्रकैद और 10 करोड़ तक का जुर्माना

भीलवाड़ा, । राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक / प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2025 (गृह विभाग) आगामी 5 और 6 अप्रैल को भीलवाड़ा जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पारियों में होगी—पहली पारी सुबह 11:00 से दोपहर 1:00 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक। प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बेहद कड़े निर्देश जारी किए हैं।
इन नियमों का पालन अनिवार्य:
प्रवेश समय: अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से ठीक 1 घंटा पहले (सुबह 10:00 बजे और दोपहर 2:00 बजे) प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
ड्रेस कोड: पुरुष अभ्यर्थी आधी आस्तीन का शर्ट/टी-शर्ट, पैंट या कुर्ता-पायजामा पहन सकेंगे। महिला अभ्यर्थी आधी आस्तीन का कुर्ता, सलवार या साड़ी और बालों में साधारण रबर बैंड लगाकर आ सकेंगी।
प्रतिबंधित वस्तुएं: जूते-मोजे पहनकर आना वर्जित है। केवल स्लीपर या हवाई चप्पल ही मान्य होगी। मोबाइल, घड़ी, कैलकुलेटर और किसी भी प्रकार के गहने (महिलाओं के लिए कांच की पतली चूड़ियों को छोड़कर) पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
दस्तावेज: अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल फोटो युक्त पहचान पत्र, एक रंगीन फोटो और प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य है।
अतिरिक्त समय: ओएमआर शीट में पांचवें विकल्प या गोले को भरने के लिए इस बार 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
नकल पर कड़ा कानून: उम्रकैद तक का प्रावधान
परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या नकल में संलिप्त पाए जाने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 और संशोधित अधिनियम 2023 के तहत अत्यंत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसमें 10 लाख से लेकर 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और 10 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। साथ ही संबंधित परीक्षार्थी को भविष्य की परीक्षाओं के लिए हमेशा के लिए डिबार (विवर्जित) कर दिया जाएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
