कोटड़ी में विशाल रक्तदान शिविर संपन्न: 261 यूनिट रक्त संग्रहित, पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह

कोटड़ी में विशाल रक्तदान शिविर संपन्न: 261 यूनिट रक्त संग्रहित, पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
X

कोटड़ी (भीलवाड़ा)। विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में 'रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा' के तहत शुक्रवार को श्री कोटड़ी श्याम चारभुजा जी धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आगामी जयंती को समर्पित इस शिविर में क्षेत्र के युवाओं ने भारी उत्साह दिखाया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 261 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं: रामलाल जाट

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "रक्तदान महादान है। इसकी असली कीमत वही समझ सकता है जिसका अपना कोई अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा हो। बाबा साहेब ने हमें शिक्षित और संगठित रहने का संदेश दिया था, और आज का यह शिविर उसी सेवा भावना का प्रतीक है। कोटड़ी के युवाओं ने 261 यूनिट रक्तदान कर यह सिद्ध कर दिया है कि समाज आज भी मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि मानता है।"

विशिष्ट अतिथि प्रद्युमन सिंह ने भी युवाओं की ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति जब सेवा कार्यों से जुड़ती है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।

मानव सेवा ही संस्था का मुख्य लक्ष्य

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष ओम नराणीवाल ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त से तीन जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। सोसायटी भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखेगी।

सुबह से ही उमड़ा युवाओं का सैलाब

सोसायटी के सचिव शंकर लाल गाडरी ने बताया कि शिविर सुबह 8:15 बजे शुरू हुआ था। पूर्व मंत्री जाट के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और युवाओं में भारी जोश था। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए युवाओं के सहयोग से लक्ष्य के अनुरूप रक्त एकत्र किया जा सका।

ये रहे मौजूद

शिविर के दौरान रामकुमार मीणा, जमना लाल डीडवानिया, भीम सिंह, संजय शर्मा, देवबक्ष जाट, गोपाल सुवालका, कैलाश सेन, कमलेश जाट, साँवर चंदेल, संजय जाट, भगवान जाट सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे। चिकित्सा टीम ने रक्त संग्रहण में विशेष सहयोग प्रदान किया।

Next Story