गौ सम्मान आह्वान अभियान' से जुड़ने की अपील: 27 अप्रैल को मनाया जाएगा 'गौ सम्मान दिवस'
भीलवाड़ा। विधायक अशोक कुमार कोठारी ने साधु-संतों के मार्गदर्शन में देशभर में चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 27 अप्रैल 2026 को पूरे देश में ‘गौ सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारत की लगभग 5 हजार तहसीलों में केंद्र सरकार के नाम प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रार्थना पत्रों के साथ आमजन द्वारा किए गए हस्ताक्षरों की प्रतिलिपियां भी संलग्न की जाएंगी, ताकि गौ संरक्षण और सम्मान को लेकर जनभावना सरकार तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति या संगठन विशेष के बैनर तले नहीं, बल्कि गौमाता के सम्मान, संरक्षण और अधिकारों के लिए जनजागरण के रूप में चलाया जा रहा है। अभियान में गौमाता को प्रधान संरक्षक तथा नंदी बाबा को अध्यक्ष स्वरूप माना गया है। अभियान के तहत मांग की गई है कि गौमाता के संरक्षण, पालन और संवर्धन के लिए उचित अनुसंधान एवं अनुदान उपलब्ध कराया जाए, पूरे भारत में गौ हत्या पर स्थायी रूप से रोक लगाई जाए और गौमाता को मौलिक अधिकार प्रदान किए जाएं।
विधायक कोठारी ने सभी गौ-भक्तों, सनातनी नागरिकों, साधु-संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस पावन अभियान से जुड़ें और 27 अप्रैल को अपने निकटतम तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर अभियान के जिला प्रभारी जगदीश चंद्र तेली, राजेश रांका, नंदकिशोर तेली, शोभालाल जीनगर, दिनेश लक्षकार, विश्व प्रतापनाथ सिंह, एडवोकेट अर्पित कोठारी, बाबूलाल टांक, मनोज शर्मा, विवेक निमावत, प्रदीप सांखला, गजेंद्र सिंह राठौड़, कमल कोठारी, राजकुमार ईनाणी, संजय राठी, दिनेश सुथार, रचित राज रांका, पृथ्वीराज एवं सारथी करण सिंह सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455


