शाहपुरा को पुनः जिला बनाने की मांग तेज, 28 फरवरी को ब्लैक डे और बंद का आह्वान

शाहपुरा को पुनः जिला बनाने की मांग तेज, 28 फरवरी को ब्लैक डे और बंद का आह्वान
X

शाहपुरा। राज्य सरकार द्वारा 28 दिसम्बर 2024 को शाहपुरा का जिला दर्जा समाप्त किए जाने के विरोध में आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में 28 फरवरी 2026 को ब्लैक डे के रूप में मनाते हुए सम्पूर्ण शाहपुरा बंद का आह्वान किया गया है।

शाहपुरा जिला बहाल करो संघर्ष समिति के महासचिव कमलेश मुंडेतिया ने बताया कि शाहपुरा को पुनः जिला बनाने की मांग को लेकर समिति द्वारा मुख्यमंत्री के नाम 9वां स्मरणपत्र उपखंड अधिकारी शाहपुरा को सौंपा जाएगा। यह कार्यक्रम 28 फरवरी को दोपहर 1:00 बजे महलों के चौक स्थित बालाजी की छतरी से वाहन रैली के रूप में प्रारंभ होगा। रैली शांतिपूर्ण नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।

समिति अध्यक्ष दुर्गा लाल राजोरा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले की बहाली की मांग दोहराई जाएगी। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि 9 माह पूर्व जयपुर में मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता में शाहपुरा विधायक की उपस्थिति में शाहपुरा को पुनः जिला बनाने का सकारात्मक आश्वासन मिला था, किंतु अब तक इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

संरक्षक सत्यनारायण पाठक, अजय मेहता, हाजी उस्मान मोहम्मद छिपा, सहसंयोजक सूर्य प्रकाश ओझा, कोषाध्यक्ष उदयलाल बेरवा एवं सहसचिव नूर मोहम्मद रंगरेज सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों ने शाहपुरा के व्यापारियों और आम नागरिकों से स्वैच्छिक रूप से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर रैली में सम्मिलित होने की अपील की है।

समिति का कहना है कि जनता से किए गए वादों की पूर्ति तक आंदोलन जारी रहेगा तथा शाहपुरा को पुनः जिला का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष लगातार चलता रहेगा।

Tags

Next Story