ट्रांसपोर्टर्स के सब्र का बांध टूटा: 29 मार्च को उदयपुर में जुटेगा देशभर का 'चक्का', आर-पार की जंग का एलान!

ट्रांसपोर्टर्स के सब्र का बांध टूटा: 29 मार्च को उदयपुर में जुटेगा देशभर का चक्का, आर-पार की जंग का एलान!
X


​भीलवाड़ा/उदयपुर हलचल । परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की तानाशाही और नित नए दमनकारी नियमों के खिलाफ अब ट्रांसपोर्टर्स ने खुलेआम बगावत का बिगुल फूंक दिया है। 'ग्रीन टैक्स' की वसूली और 'ई-चालान' की लूट से तंग आकर अब देशभर के ट्रांसपोर्ट दिग्गज 29 मार्च को झीलों की नगरी उदयपुर में हुंकार भरेंगे। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की इस राष्ट्रीय बैठक में अगर सरकार ने बात नहीं मानी, तो प्रदेश ही नहीं, देश का पहिया जाम होना तय है।

​कोरोना में मुफ्त सेवा, अब सरकार की टेढ़ी नजर


राजस्थान सचिव विश्वबंधु सिंह राठौड़ ने तीखे लहजे में कहा कि जिस ट्रांसपोर्ट सेक्टर ने कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर बिना किसी शुल्क के सरकार और जनता की मदद की, आज उसी सेक्टर को सरकार सख्त नियमों और बेतहाशा जुर्मानों से कुचलने पर आमादा है। राठौड़ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि "अगर सुनवाई नहीं हुई, तो चक्का जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।"

​ई-चालान के नाम पर 'अंधी लूट' और ₹20 लाख का बोझ

​ट्रांसपोर्टरों के आक्रोश की सबसे बड़ी वजह बिना हस्ताक्षर वाले 'गुमनाम' ई-चालान हैं। हालत यह है कि:

​अव्यावहारिक जुर्माना: ओवरलोडिंग पर जुर्माना ₹5 हजार से सीधे बढ़ाकर ₹20 हजार कर दिया गया है।

​कैमरों का जाल: पहले एक बार चालान कटने पर वाहन खाली होने तक राहत थी, लेकिन अब हर टोल प्लाजा के कैमरे चालान काट रहे हैं। कई वाहनों पर तो ₹20 लाख तक का जुर्माना चढ़ चुका है।

​ग्रीन टैक्स का ढोंग: दिल्ली में सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों से भी ₹5 हजार वसूले जा रहे हैं।

​भ्रष्टाचार का अड्डा बने फिटनेस सेंटर

​बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह भाटी ने बताया कि फिटनेस सेंटर्स पर नंबर नहीं आने का बहाना बनाकर निजी केंद्रों पर ₹50 हजार तक की अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने 15 साल पुराने वाहनों पर प्रतिबंध और जर्जर सड़कों के बावजूद वसूले जा रहे टोल को सरासर अन्याय बताया।

​उदयपुर में जुटेंगे दिग्गज, तय होगी आंदोलन की दिशा

​इस महामंथन में राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश सबरवाल, चेयरमैन संगप्पा गुरुजी, पूर्व अध्यक्ष भीम वाधवा सहित मध्यप्रदेश के दिग्गज सीएल मुकाती और विजय कालरा भी शामिल होंगे। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि अब वे झुकेंगे नहीं, क्योंकि यह उनके अस्तित्व की लड़ाई है।

​भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story