कृषि संकल्प अभियान 29 मई से

भीलवाड़ा में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि विकसित कृषि संकल्प अभियान 29 मई से 12 जून तक चलाया जायेगा जिसमें कृषि वैज्ञानिक किसानों से सीधा संवाद करेंगे। श्री चौहान ने बताया कि यह अभियान एक देश-एक कृषि-एक टीम की दिशा में सफल कदम रहेगा। कृषि विज्ञान केन्द्र भीलवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी. एम. यादव ने बताया कि अभियान में हर दिन तीन गाँवों में कार्यक्रम होंगे। डॉ. यादव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य खेती को उन्नत बनाना, किसानों को समृद्ध करना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लेब टू लैण्ड मन्त्र को साकार करना है। अभियान के माध्यम से कृषि के क्षेत्र में नवाचार, वैज्ञानिक शोध और कृषि की नवीनतम तकनीकों को खेतो तक पहुँचाने पर जोर दिया जायेगा। यह अभियान न केवल खेती को तकनीकी रूप से उन्नत करेगा बल्कि किसानों के लिए लाभकारी समाधान भी लेकर आयेगा। विकसित कृषि संकल्प अभियान में आधुनिक कृषि तकनीक और प्राकृतिक खेती पर जोर दिया जाकर किसानों को फसल की नवीनतम किस्मों, उन्नत पशुपालन, समन्वित कृषि प्रणाली, कृषि में नवीनतम कृषि यन्त्रों का प्रयोग, उन्नत बागवारी, पौधों में रोग एवं रोगापचार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सिफारिशों के अनुसार सन्तुलित उर्वरकों का उपयोग, ड्रॉन तकनीकी के साथ ही केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से रूबरू करवाया जायेगा। अभियान के माध्यम से खरीफ फसलों की उन्नत तकनीक, नवाचार, मिट्टी की जाँच फसल बीमा और किसानों के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। खेती से जुड़ी समस्याओं पर किसानों से चर्चा भी होगी। इस अभियान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् नई दिल्ली के विभिन्न अनुसंधान संस्थान, राष्ट्रीय बीज एवं मसाला अनुसंधान संस्थान तबीजी अजमेर, केन्द्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकानगर, कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विभाग, कृषक उत्पादक संगठन, इफको, राजीविका एवं कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक और अधिकारी शामिल होंगे।