अतिक्रमण हटाओ अभियान के साथ ही विकास की रफ्तार: 3 करोड़ से सीसी सड़कें और 85 लाख से बनेगी नालियां

अतिक्रमण हटाओ अभियान के साथ ही विकास की रफ्तार: 3 करोड़ से सीसी सड़कें और 85 लाख से बनेगी नालियां
X

भीलवाड़ा | नगर निगम द्वारा जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक जसमीत सिंह संधू के विजन के अनुरूप शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ-साथ सौंदर्यकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है ताकि भविष्य में पुनः अवैध कब्जे न हो सकें।

तीन जोन में 3 करोड़ की सड़कें और 85 लाख की नालियां

आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि शहर को तीन जोनों में विभाजित कर विकास कार्यों के कार्यादेश अभियान शुरू होने से पहले ही जारी कर दिए गए थे।

सड़क निर्माण: प्रत्येक जोन में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण के कार्य जारी हैं।

नाली मरम्मत: तीनों जोन में कुल 85 लाख रुपये की लागत से नालियों की मरम्मत और नए निर्माण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।

पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए 'कंक्रीट शील्ड'

निगम की रणनीति के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के बाद सड़क और नाली के मध्य जो कच्ची जगह बचती थी, वहां अब तुरंत सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि उस खाली जगह पर कोई भी व्यक्ति दोबारा थड़ी-ठेला या अन्य अतिक्रमण न कर सके।

31 मार्च तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य

जिला कलेक्टर के निर्देशों का पालन करते हुए नगर निगम ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि हटाए गए अतिक्रमण स्थलों पर सड़क और नाली निर्माण का कार्य 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 'अतिक्रमण हटाओ अभियान' निरंतर जारी रहेगा और शहर की मुख्य सड़कों को पूरी तरह से सुगम और व्यवस्थित बनाया जाएगा।

Next Story