भीलवाड़ा: नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र का मील का पत्थर, 33% आरक्षण से 'नीति निर्माता' बनेंगी महिलाएँ

भीलवाड़ा: नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र का मील का पत्थर, 33% आरक्षण से नीति निर्माता बनेंगी महिलाएँ
X


भीलवाड़ा। "नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक क्रांतिकारी कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित यह ऐतिहासिक संशोधन महिलाओं को 'नीति की लाभार्थी' से 'नीति निर्माता' बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा, जो 'विकसित भारत 2047' की आधारशिला बनेगा।" यह विचार धौलपुर-करौली से लोकसभा प्रत्याशी और वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती इंदु देवी जाटव ने रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान व्यक्त किए।

प्रेस वार्ता में सांसद दामोदर अग्रवाल, जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, प्रहलाद त्रिपाठी एवं जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया भी मंचासीन रहे।

निर्णय प्रक्रिया में बढ़ेगी भागीदारी

श्रीमती जाटव ने कहा कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित होंगी, जिनमें एससी और एसटी वर्ग की सीटें भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ', 'सुकन्या समृद्धि योजना' और 'प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना' जैसी पहलों ने महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक स्तर को ऊँचा उठाया है। आज 10 करोड़ से अधिक महिलाएँ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और मुद्रा योजना के 68% ऋण महिलाओं को मिले हैं।

16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र: सांसद दामोदर अग्रवाल

सांसद दामोदर अग्रवाल ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम की व्यावहारिकता को और अधिक सशक्त करने के लिए 16, 17 व 18 अप्रैल को लोकसभा व राज्यसभा का विशेष सत्र आयोजित होगा। एनडीए सरकार का संकल्प है कि 2011 की जनगणना को आधार मानकर डीलिमिटेशन किया जाए और सीटों को डेढ़ गुना बढ़ाते हुए एक-तिहाई हिस्सा महिलाओं के लिए आरक्षित हो। उन्होंने कहा कि सदन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से वहां की गरिमा, शालीनता और कार्य की गुणवत्ता में गुणात्मक सुधार आएगा।

भीलवाड़ा में 20 अप्रैल तक जागरूकता कार्यक्रमों की धूम

जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार-प्रसार हेतु 20 अप्रैल तक जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:नारी शक्ति पदयात्रा एवं वाहन रैली का आयोजन होगा।कलात्मक नवाचार: सैंड आर्ट, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और लोकगीतों से जन-संवाद किया जाएगा।नारी शक्ति दीवार: जिले के प्रमुख स्थानों पर दीवारें बनाई जाएंगी जहाँ महिलाएँ अपने विचार लिख सकेंगी।मानव श्रृंखला: कॉलेजों और मुख्य चौराहों पर जागरूकता हेतु मानव श्रृंखला बनाई जाएगी।सात सदस्यीय जिला टोली का गठन अभियान के व्यवस्थित संचालन के लिए जिला संयोजक श्रीमती मंजू चेचाणी के नेतृत्व में सात सदस्यीय टोली गठित की गई है, जिसमें आरती कोगटा, मंजू पालीवाल, ज्योति आशीर्वाद, मोहिनी माली, अभिश्रुता सोलंकी और रागिनी गुप्ता को शामिल किया गया है। प्रेस वार्ता में जिला कोषाध्यक्ष ललित अग्रवाल और जिला प्रवक्ता मनोज बुलानी भी उपस्थित रहे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story