भीलवाड़ा की बेटी अन्नु प्रजापत ने गुजरात में लहराया परचम: 40 विश्वविद्यालयों के बीच पेंटिंग में पाया 5वां स्थान

भीलवाड़ा | शहर की उभरती कलाकार अन्नु प्रजापत ने गुजरात में आयोजित 39वें पश्चिमांचल यूनिवर्सिटी यूनिफेस्ट-2026 में अपनी कला का लोहा मनवाया है। 40 से अधिक विश्वविद्यालयों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अन्नु ने 'ऑन द स्पॉट पेंटिंग' प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 5वां स्थान प्राप्त कर भीलवाड़ा का नाम रोशन किया है।
'प्रकृति के बदलते स्वरूप' पर उकेरी जीवंत कृति
आकृति कला संस्थान भीलवाड़ा और एमएलवी गवर्नमेंट कॉलेज की छात्रा अन्नु प्रजापत ने इस प्रतियोगिता में महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय (MDSU), अजमेर का प्रतिनिधित्व किया। सीवीएम विश्वविद्यालय, आनंद (गुजरात) में आयोजित इस उत्सव में अन्नु ने "प्रकृति के बदलते स्वरूप" विषय पर अपनी तूलिका से शानदार पेंटिंग तैयार की, जिसे निर्णायकों ने बेहद सराहा।
पश्चिमांचल के 45 विश्वविद्यालयों ने लिया भाग
संस्थान के सचिव कैलाश पालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में राजस्थान, गुजरात, मणिपुर और असम सहित विभिन्न राज्यों के करीब 45 विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। अन्नु ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता के दम पर टॉप-10 प्रतिभागियों में जगह बनाई और पांचवें पायदान पर रहीं। उनकी इस उपलब्धि पर कला प्रेमियों और शहरवासियों ने खुशी जताई है।
