ऋष्य श्रृंग संस्थान में गूंजे वैदिक मंत्र: यज्ञ अनुष्ठान के साथ नवरात्रि का समापन, 42 वेद बटुकों ने दी पूर्णाहुति

भीलवाड़ा। शहर के ऋष्य श्रृंग संस्थान में चैत्र नवरात्रि का समापन अत्यंत श्रद्धा और भक्तिमय माहौल में हुआ। संस्थान में अध्ययनरत वेद बटुकों के गगनभेदी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समाज जनों द्वारा विशेष यज्ञ अनुष्ठान कर नवरात्रि की पूर्णाहुति संपन्न की गई।
सनातन संस्कृति और संस्कारों का केंद्र:
संस्थान के अध्यक्ष किशन लाल उपाध्याय और सचिव कैलाश चंद्र पांडिया ने जानकारी दी कि वर्तमान में यहाँ 42 वेद बटुक नियमित रूप से वेदाध्ययन कर रहे हैं। इन बटुकों के माध्यम से हिंदू और सनातन संस्कृति का न केवल संरक्षण किया जा रहा है, बल्कि भावी पीढ़ी को संस्कारों से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने समाज के भामाशाहों से अपील की है कि वे वैदिक संस्कृति के विकास और विस्तार हेतु संस्थान को अपना सहयोग प्रदान करें।
समाज जनों की रही उपस्थिति
यज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर संस्थान के उत्सव प्रभारी श्याम सुखवाल, सुरेश चंद्र शर्मा, सत्यदेव व्यास, रमेश उपाध्याय, गोपाल लाल जोशी, राधेश्याम शर्मा, बालू लाल पांडिया, लक्ष्मी नारायण पांडिया और आचार्य रामदेव सहित बड़ी संख्या में समाज जन उपस्थित रहे। सभी ने यज्ञ कुंड में आहुतियां देकर विश्व कल्याण और शांति की कामना की।
