रायपुर : रक्तदान शिविर में उमड़ा युवाओं का सैलाब, बाबा साहेब की जयंती पर 425 यूनिट रक्त संग्रह कर रचा इतिहास

रायपुर  : रक्तदान शिविर में उमड़ा युवाओं का सैलाब, बाबा साहेब की जयंती पर 425 यूनिट रक्त संग्रह कर रचा इतिहास
X


रायपुर ( हलचल )। विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित 'रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा' के अंतर्गत रविवार, 12 अप्रैल को श्री हस्ती गुरु पावन धाम में मानवता की सेवा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आगामी जयंती को समर्पित इस विशाल रक्तदान शिविर में क्षेत्रवासियों ने रिकॉर्ड 425 यूनिट रक्तदान किया। रायपुर क्षेत्र के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी एक शिविर में 400 यूनिट से अधिक का आंकड़ा पार हुआ है।

संतों के सानिध्य में पावन शुरुआत

शिविर का विधिवत शुभारंभ सुबह 8:15 बजे पूज्य संतों के पावन सानिध्य में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संतों ने उपस्थित युवाओं और रक्तदाताओं को मानवता की सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए आशीर्वाद दिया।





प्रमुख अतिथियों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान ही सच्चा जीवनदान है और युवाओं ने बाबा साहेब के सेवा संदेश को आत्मसात कर यह गौरवपूर्ण कार्य किया है। विशिष्ट अतिथि विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी ने रायपुर के युवाओं द्वारा कायम की गई इस ऐतिहासिक मिसाल की सराहना की। शिविर में पूर्व विधायक गायत्री त्रिवेदी और भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष चेतन डीडवानिया ने भी पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

इन टीमों ने किया रक्त संग्रहण

रक्त संग्रहण का महत्वपूर्ण कार्य महाराणा भोपाल अस्पताल ब्लड बैंक (उदयपुर) एवं अरिहंत अस्पताल ब्लड बैंक (भीलवाड़ा) की कुशल चिकित्सा टीमों द्वारा पूरी सावधानी के साथ संपन्न किया गया।

रायपुर की धरा पर रचा गया नया कीर्तिमान: सचिव शंकर लाल गाडरी

सोसायटी सचिव शंकर लाल गाडरी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, "आज रायपुर की पावन धरा पर उमड़े सेवा के सैलाब ने नया इतिहास रच दिया है। 425 यूनिट का यह आंकड़ा बाबा साहेब के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।" उन्होंने कतारों में लगकर धैर्य के साथ रक्तदान करने वाले प्रत्येक युवा का आभार व्यक्त किया और कहा कि युवाओं का यही जोश संस्था की असली ताकत है।

प्रमुख जनों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर शंकर लाल जाट, सुशीला सालवी, श्याम लाल पुरोहित, शिवराज सिंह, प्रतिभा गोपाल सोमानी, बद्री जाट, कुलदीप त्रिवेदी, मोहन लाल तिवारी, माँगी लाल जाट, गहरी लाल जाट सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, सरपंचगण और सैकड़ों की संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story