भीलवाड़ा में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा भाजपा का 47वां स्थापना दिवस

भीलवाड़ा । भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस जिलेभर में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में 6 अप्रैल को होने वाले मुख्य कार्यक्रमों के साथ इसकी शुरुआत 5 अप्रैल को पूर्व संध्या पर भव्य आयोजन से होगी।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 12 अप्रैल तक जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 5 अप्रैल रविवार को शाम 6 बजे भीलवाड़ा शहर के अंबेडकर सर्किल से मशाल यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा गोल प्याऊ चौराहे से होते हुए सूचना केंद्र पहुंचेगी।
सूचना केंद्र पर मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलन किया जाएगा और भव्य आरती का आयोजन होगा। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक रंगोली भी बनाई जाएगी, जिससे आयोजन को सांस्कृतिक स्वरूप मिलेगा।
वहीं 6 अप्रैल सोमवार को सुबह 11 बजे जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद विचार गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा करेंगे।
इन सभी आयोजनों में जिलेभर से भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
