नेशनल हाईवे 48 पर प्रशासन का जबरदस्त दखल, स्थायी और अस्थायी ढांचे, दुकानें और अवैध निर्माण ध्वस्त

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल के नेतृत्व में मंगलवार को नेशनल हाईवे 48, चित्तौड़गढ़–भीलवाड़ा मार्ग पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। न्यू गिल पंजाब होटल सहित अन्य अतिक्रमणकारियों द्वारा एनएचआई की भूमि पर बनाए गए स्थायी और अस्थायी ढांचे, दुकानें और अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।
उपखंड अधिकारी ने बताया कि पहले भी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उन्होंने नियमों का पालन नहीं किया। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी को भी नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से मार्ग पर यातायात सुचारू हुआ और आमजन को बड़ी राहत मिली। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने संतोष व्यक्त किया।
कार्यवाही के दौरान जिला पुलिस बल और एनएचआई के कर्मचारी भी पूरी तरह सक्रिय रहे और अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
उपखंड अधिकारी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर के प्रमुख मार्गों तथा एनएचआई की भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
