नेशनल हाईवे-48 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर से कार की टक्कर में चार लोग गंभीर घायल

नेशनल हाईवे-48 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर से कार की टक्कर में चार लोग गंभीर घायल
X

भीलवाड़ा। जिले के मांडल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। भदालीखेड़ा रेलवे ओवरब्रिज के पास हुए इस हादसे में एक कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ी, जिससे कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब हाईवे पर आगे चल रहे ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से ठीक पीछे आ रही कार बेकाबू हो गई और सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा टकराई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलते ही मांडल पुलिस और 108 एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल चारों लोगों को तुरंत उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की पहचान अमरपुरा, शाहपुरा (जयपुर) निवासी अर्जुन (28), उनकी पत्नी ऋतु (29), पुत्री सुमन (22) और अर्जुन यादव (45) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग सांवरिया सेठ के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे।

हादसे के कारण नेशनल हाईवे-48 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और रास्ते को सुचारू करवाया। मांडलगढ़ पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Next Story