बच्चों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य, 5 और 15 साल में कराना होगा

भीलवाड़ा : भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बच्चों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट को अनिवार्य कर दिया है। अब 5 साल और 15 साल की उम्र में बच्चों के फिंगरप्रिंट, आईरिस और चेहरे की फोटो अपडेट करानी होगी। UIDAI के अनुसार, उम्र के साथ बच्चों की बायोमेट्रिक विशेषताओं में बदलाव के कारण यह कदम जरूरी है।
यदि अपडेट नहीं कराया गया, तो आधार कार्ड निष्क्रिय हो सकता है, जिससे सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति और स्कूल प्रवेश में दिक्कतें आ सकती हैं। यह अपडेट पूरी तरह निःशुल्क है। माता-पिता अपने बच्चों को आधार सेवा केंद्र या नामांकन केंद्र ले जा सकते हैं। UIDAI स्कूलों में विशेष कैंप भी आयोजित कर रहा है।
सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के उपनिदेशक प्रवीण जैन ने बताया कि 5 साल से कम उम्र के बच्चों का "बाल आधार" केवल जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर जारी होगा। UIDAI ने लिंक्ड मोबाइल नंबरों पर SMS के जरिए अभिभावकों को सूचित करना शुरू कर दिया है।
