लायंस क्लब भीलवाड़ा ने 50 जरूरतमंद छात्र छात्राओं को बांटे स्वेटर

लायंस क्लब भीलवाड़ा ने 50 जरूरतमंद छात्र छात्राओं को बांटे स्वेटर
X

भीलवाड़ा। भीषण सर्दी को देखते हुए लायंस क्लब भीलवाड़ा ने सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए अपने “आओ खुशियां बांटे” अभियान के तहत 20वें चरण में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चमनपुरा में जरूरतमंद छात्र छात्राओं को 50 स्वेटर वितरित किए। यह आयोजन क्लब अध्यक्ष एडवोकेट लायन पवन पंवार के नेतृत्व में तथा भामाशाह लायन जे के बागडोदिया के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लायन विनोद जैन ने बताया कि स्वेटर वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लायन जे के बागडोदिया तथा विशेष अतिथि लायन भवानीशंकर दुदानी मौजूद रहे।

अध्यक्षीय उद्बोधन में एडवोकेट पवन पंवार ने बच्चों से स्वस्थ जीवन अपनाने, संस्कारवान बनने, माता पिता और गुरूजनों का सम्मान करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने नियमित रूप से प्रार्थना करने और ईश्वर के प्रति कृतज्ञ रहने का संदेश भी दिया।

मुख्य अतिथि लायन जे के बागडोदिया ने बच्चों को पढ़ाई की अहमियत समझाते हुए कहा कि शिक्षा से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होता है। उन्होंने मोबाइल के सीमित उपयोग की सलाह देते हुए विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अधिवक्ता लायन ललित सांखला ने बच्चों को विद्यालय की सरकारी संपत्ति की सुरक्षा करने और पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित रखने की सीख दी। स्वेटर मिलते ही छात्र छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने लायंस क्लब अध्यक्ष एवं उपस्थित सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल से स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने तालियां बजाकर लायंस क्लब का धन्यवाद किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के भामाशाहों, सदस्यों और पदाधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा।

Next Story