नगर निगम का पीला पंजा: कुवाड़ा खान में 50 लाख की सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, नींव को किया ध्वस्त

भीलवाड़ा हलचल। शहर में सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अब मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने कुवाड़ा खान क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य की बेशकीमती जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है।
नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के कड़े निर्देशों पर अतिक्रमण हटाओ दस्ता हरकत में आया। जानकारी के अनुसार, कुवाड़ा खान स्थित जांगिड़ छात्रावास के पास निगम की स्वामित्व वाली जमीन पर कुछ भू-माफियाओं और स्थानीय लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने की नीयत से नींव भर दी गई थी। इसकी सूचना मिलते ही अतिक्रमण निरोधक दस्ता प्रभारी संजय और होमगार्ड प्रभारी जोरावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
जेसीबी से ढहाया अवैध निर्माण
निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना किसी देरी के जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से भरी गई नींव को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी पुलिस जाब्ता और होमगार्ड के जवान तैनात रहे। निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।
देखते ही देखते करीब 50 लाख की सरकारी भूमि को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया।
मोखमपुरा खेड़ी में पार्क कब्जे की शिकायत
वहीं दूसरी ओर, मोखमपुरा खेड़ी क्षेत्र से भी निगम प्रशासन को गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। बताया जा रहा है कि वहां सार्वजनिक पार्क की आरक्षित जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण और कब्जे की कोशिश की जा रही है। निगम सूत्रों के अनुसार, इस शिकायत की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही वहां भी ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
