सिंधी समाज सेवा संस्थान ने रचा भक्ति का उल्लास: 51 कन्याओं का पूजन कर मनाया महाअष्टमी-नवमी पर्व

भीलवाड़ा। सिंधी समाज सेवा संस्थान (उत्तर क्षेत्र) के तत्वावधान में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। संस्थान के अध्यक्ष लालचंद नथरानी के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में महाअष्टमी और नवमी के अवसर पर भक्ति की अविरल धारा बही।

हवन-पूजन से विश्व शांति की कामना:

युवा प्रकोष्ठ प्रभारी दीपेश दत्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार सुबह विधि-विधान से हवन और पूजन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समाज के प्रबुद्ध जनों ने यज्ञ कुंड में आहुतियां देकर विश्व शांति, सुख और समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात मां दुर्गा की भव्य आरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

51 कन्याओं का पूजन और सम्मान:

संस्थान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 51 कन्याओं का विशेष पूजन किया गया। संस्थान के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा के साथ कन्याओं के पैर पखारे, उन्हें तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। कन्याओं को सुरुचिपूर्ण भोजन (कन्या भोज) करवाया गया और संस्थान की ओर से उन्हें उपहार व दक्षिणा भेंट की गई।

भंडारे में उमड़े श्रद्धालु:

कन्या भोज के पश्चात विशाल भंडारे (प्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पदाधिकारियों ने बताया कि समाज सेवा के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत रखना ही इस आयोजन का मुख्य ध्येय है।

इनका रहा विशेष सहयोग:

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सिंधी समाज सेवा संस्थान (उत्तर क्षेत्र) के चेलाराम लखवानी, चन्द्रप्रकाश मोतियानी, सुमित तोलानी, रमेश खोतानी, एम.डी. राम, राजकुमार पहलवानी, निर्मल आहूजा, अशोक जेठानी, प्रहलाद जेठवानी, किशोर बत्रा, बी.डी. बत्रा, लक्ष्मण बत्रा सहित अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में अध्यक्ष लालचंद नथरानी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Next Story