नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का झाड़ू आन्‍दोलन शुरू

नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का झाड़ू आन्‍दोलन शुरू
X

भीलवाड़ा (सम्‍पत माली)। सफाई कर्मचारियों की भर्ती सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आज से ही नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दी। उन्होंने शहर में किसी भी क्षेत्र में न तो झाड़ू लगाया और न ही कचरा उठाया। यहां तक कि वार्डों में घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करने वाले ऑटो टिपर भी नहीं चले। इस वजह से घरों पर लोग ऑटो टिपर आने का इंतजार करते रहे। फिर उन्हें पता चला कि आज हड़ताल है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामदेव चन्नाल के नेतृत्व में नगर परिषद में कार्यरत सफाई कर्मचारी, स्वास्थ्य निरीक्षक, जमादार, ऑटो टिपर सहित समस्त स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारी से झाड़ू आंदोलन पर चले गए। सभी आज सुबह आठ बजे नगर परिषद परिसर में एकत्र हुए।

अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चन्नाल ने बताया कि नगर परिषद चेयरमैन राकेश पाठक व कमिश्नर हेमाराम चौधरी से भी बात की। उन्होंने ऑटो टिपर व लोडर चलने देने का आग्रह किया। एसोसिएशन ने हड़ताल को प्रदेश का निर्णय बताते हुए ऑटो टिपर व लोडर चलने देने से इनकार कर दिया। फिर सुबह नौ बजे सभी सफाईकर्मी रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए शहर विधायक अशोक कोठारी के आवास पर पहुंचे। वहां उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया। मांगें पूरी नहीं होने तक यह झाडू डाउन आंदोलन जारी रहेगा। कोठारी ने आश्वासन दिया कि वे सफाई कर्मचारियों की मांगों को विधानसभा में रखेंगे। रैली के दौरान नगर अध्यक्ष राजेश मल्होत्रा, पार्षद श्याम मल्होत्रा, शिवप्रकाश घावरी सहित अन्य पदाधिकारी, सफाई कर्मचारी, जमादार आदि शामिल थे। जिलाध्यक्ष चन्नाल ने बताया कि आज दोपहर में सभी कर्मचारी सांसद दामोदर अग्रवाल के घर जाकर उन्हें मांगों से अवगत कराएंगे।

नगर अध्यक्ष राजेश मल्होत्रा ने बताया कि सफाई कर्मचारी भर्ती प्रेक्टिकल आधार पर दो प्रेक्टिकल का समय ज्यादा से ज्यादा 1 वर्ष का हो, सफाई कर्मचारी भर्ती प्रेक्टिकल में जो अभ्यर्थी सफाई का कार्य करें, उसे कार्य के परिश्रम का भुगतान मस्ट्रोल के आधार पर किया जावें, सफाई कर्मचारी भर्ती में प्रेक्टिकल में सफल रहे अभ्यर्थी को 1 वर्ष पश्चात् स्थाई कर्मचारी घोषित किया जावें, सफाई कर्मचारी भर्ती में परम्परागत सफाई कार्य से जुड़े परिवार वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता दी जावें, सफाई कर्मचारी भर्ती में पूर्व में राज्य के नगर निगम, नगर निकायों में सफाई कार्य किये गये कार्मिकों को अतिरिक्त बोनस अंक देकर वरियता दी जावें, एन.पी.एस. की राशि कर्मचारी के खाते में समायोजित की जाये, जमादार का प्रमोशन तत्काल से किया जावें, जिसका अधिकार नगर परिषद् को पूर्व से ही है और भीलवाड़ा नगर परिषद् में सफाई कर्मचारी के न्यायालय में लम्बित प्रकरण का जल्द से जल्द निस्तारण किया जावें आदि मांगों पर कार्यवाही की मांग की गई ।

Next Story