हड़ताल का असर.. बेपटरी हुई शहर में सफाई व्यवस्था, जगह-जगह फैले कचरे के ढेर, मार रहे हैं सडांध
भीलवाड़ा बीएचएन। सफाई कर्मचारियों के गुरुवार को छठे दिन भी हड़ताल जारी है। इसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। जगह-जगह कचरा फैला हुआ है। बीते छह दिन से शहर में सफाई नहीं होने के कारण सडक़ों, गलियों और बाजारों में गंदगी का अंबार है जो कि उठ नहीं सका। घरों के साथ ही बाजारों में भी अब दुकानदारों को अब कचरे की बदबू आने लगी है ।जिससे लोगों का सांस लेना भी दुभर हो रहा है । वहीं दूसरी तरफ नगर परिषद प्रशासन द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अभी तक कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। सडक़ों पर लगे कचरे के ढेर को हटाने के लिए अपने स्तर पर कोई प्रबंध नहीं कर रहा है। तथा शहरवासियों को डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों को लेकर भी शहर में खतरा बना हुआ है। ऐसे में अगर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म नहीं हुई, तो शहर की सफाई व्यवस्था का बुरा हाल हो जाएगा। ऐसे में शहर की सफाई नही होने से ओर भी मुश्किलें बढ़ जाएंगी। वहीं दूसरी तरफ गुरुवार को भी सफाई कर्मचारियों अपनी हड़ताल जारी रखी ।दरअसल, प्रदेश भर के सफाई कर्मचारी मांगों को लेकर हड़ताल पर है। आने वाले दिनों में अगर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहती है तो गंदगी की समस्या विकराल रूप ले सकती है।
कूड़ा नहीं उठने से शहर में सार्वजनिक जगहों पर तो कूड़े के बड़े-बड़े ढेर नजर आने लगे हैं। एक तरफ जहां कूड़े से उठने वाली दुर्गंध लोगों को परेशान कर रही है तो वहीं कूड़े के ढेर पर मंडरा रहे आवारा मवेशी लड़ते हुए वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। हड़ताल से शहर कूड़े के ढेर से पट गया है। ऐसे में लोगों का सडक़ों पर चलना भी दूभर हो गया है। ऐसे में पिछले छह दिन से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने से अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर में कूड़े की स्थिति क्या होगी। वहीं मुख्य सडक़ों सब्जी मंडी सहित कॉलोनियां मे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।