भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ

X

भीलवाड़ा । भगवान श्रीराम के जयकारे गूंज रहे थे तो स्वागत की होड़ लगी थी। सैकड़ो की संख्या में मातृशक्ति सिर पर कलश धारण किए हुए थी तो रामभक्तों पर पुष्पों की वर्षा हो रही थी। धर्मनगरी भीलवाड़ा श्रीराम मय हो गई। ये नजारा मंगलवार सुबह श्रीसंकट मोचन हनुमान ट्रस्ट एवं श्री रामकथा सेवा समिति भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित हो रहे नौ दिवसीय श्री रामकथा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर निकाली गई भव्य विशाल कलश शोभायात्रा में दिखा।

महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में ख्यातनाम कथावाचक परम पूज्य राजन महाराज के मुखारबिंद से नगर निगम के चित्रकूटधाम प्रांगण में 29 सितम्बर तक तक होने वाली श्रीरामकथा के लिए कलश शोभायात्रा का आगाज सुबह हरिशेवाधाम से हुआ। शोभायात्रा से पूर्व हरिशेवाधाम में पूजा हुई। इसमें श्रीराम कथा सेवा समिति के अध्यक्ष गजानंद बजाज एवं कथा के मुख्य यजमान श्री श्रीगोपाल राठी शामिल हुए। पूजा पंडित अशोक व्यास ने कराई। कलश शोभायात्रा में सबसे आगे संत महात्मा आदि चल रहे थे। शोभायात्रा में श्रीराम कथा सेवा समिति के अध्यक्ष गजानंद बजाज ने मानस पौथी सिर पर धारण का रखी थी। शोभायात्रा में सबसे आगे सुसज्जित अश्वो पर केसरिया ध्वज पताकाएं लिए हुए भक्त सवार थे।

संतों के साथ शोभायात्रा में चुनरी पहने हुए 108 महिलाएं सिर पर कलश धारण करके चल रही थी। कई महिला भक्त नृत्य करते हुए कलश शोभायात्रा में साथ चल रही थी। बैण्ड पर गूंज रही भगवान राम की भक्तिपूर्ण स्वरलहरियां शोभायात्रा का माहौल धर्ममय बना रही थी। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर कई जगह ड्रोन से पुष्पवर्षा भी हुई। शोभायात्रा के संकटमोचन हनुमान मंदिर पहुंचने पर संत-महात्माओं के साथ भक्तों ने भी संकटमोचन हनुमानजी की प्रतिमा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा सीतारामजी की बावड़ी, सेवासदन रोड, सूचना केन्द्र, गोलप्याउ चौराहा, संकटमोचन हनुमान मंदिर होते हुए कथास्थल चित्रकूटधाम पहुंची।शोभायात्रा में अंत में एक बग्गी में राम-जानकी, लक्ष्मण सहित राम दरबार की सजीव झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। शोभायात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। कलश शोभायात्रा में समाज के विभिन्न वर्गो के लोग उत्साह के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा में श्रीरामकथा सेवा समिति के महासचिव पीयूष डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार, समिति की महिला प्रमुख मंजू पोखरना सहित सभी पदाधिकारी एवं भक्तगण उत्साह से शामिल हुए। शोभायात्रा प्रभारी प्रभारी गोपी दादा, नीलम शर्मा व रेखा कंवर आदि व्यवस्थाएं संभाले रहे।

Next Story