महिला जागरूकता और आत्मरक्षा पर ज़ोर, इस माह शुरू होंगे विशेष शिविर

भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत की ओर से महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा कौशल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक व्यापक प्रकल्प शुरू किया जा रहा है। प्रांतीय महिला संयोजक कमलेश बन्ठ और प्रांतीय महिला जागरूकता एवं आत्मरक्षा संयोजिका वंदना बाबेल ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।
इस प्रकल्प के तहत आगामी तीन महीनों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मई माह से सभी शाखाओं में अभिरुचि शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बालिकाओं एवं महिलाओं को जूडो, कराटे, लाठी चलाना और तलवारबाजी जैसे आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए स्थानीय पुलिस अधिकारियों से सहयोग लेकर महिला प्रशिक्षकों की सहायता ली जाएगी। मध्य प्रांत के अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी एवं महासचिव आनंद सिंह राठौड़ ने बताया कि यह प्रकल्प स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण महिला समुदायों तक भी पहुंचेगा और इसे एक स्थायी प्रकल्प के रूप में भी संचालित किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, मोटिवेशनल स्पीच, महिला डॉक्टरों द्वारा शारीरिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम और कानूनी विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं के अधिकारों जैसे स्वरोजगार, पेंशन और विधवाओं से संबंधित विशेष प्रावधानों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। महिलाओं को असुरक्षित महसूस होने पर उपयोग किए जाने वाले हेल्पलाइन नंबरों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने के लिए पैम्फलेट वितरित किए जाएंगे। साथ ही, अपनी सुरक्षा के लिए ब्लैक पेपर स्प्रे, नुकीले कीचेन, शॉकिंग गैजेट और लेजर लाइट जैसे उपकरणों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
लिंग समानता, महिला शिक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मोबाइल में इमरजेंसी नंबर सेव रखने और जरूरत पड़ने पर ऑटोमेटिक कॉल करने जैसी सुविधाओं के बारे में भी बताया जाएगा। समर्थ एवं सशक्त महिलाओं जैसे रानी लक्ष्मीबाई, सरोजिनी नायडू, मदर टेरेसा, कल्पना चावला और पीटी उषा के जीवन परिचय और तस्वीरों वाले पोस्टर स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे।"#WomenEmpowerment" जैसे हैशटैग के साथ पोस्ट और वीडियो के माध्यम से महिलाओं के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
सभी शाखा प्रमुखों से अनुरोध है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार इन कार्यक्रमों का आयोजन करें और अपनी रिपोर्ट अवश्य प्रस्तुत करें।