नगर निगम का सख्त एक्शन: 62 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त, 55 दुकानों के बाहर से हटा अतिक्रमण

भीलवाड़ा। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी फैलाने वालों और अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। शनिवार, 21 फरवरी को निगम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर 21,700 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंदगी फैलाने वाले 65 व्यक्तियों पर 40,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए 9 से 28 फरवरी तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक कुल 1121 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर 2.30 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। वहीं, गंदगी फैलाने वालों से अब तक कुल 3.71 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम टीम ने माणिक्य नगर चौराहे से भीमगंज थाने तक और शाम की सब्जी मंडी में 55 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण को ध्वस्त किया। अतिक्रमण हटाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क और नाली का पुनर्निर्माण भी निगम द्वारा तीव्र गति से कराया जा रहा है। सड़क और नाली के बीच स्थित कच्ची जगह पर पक्की सड़क बनाई जाएगी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण, गंदगी और प्लास्टिक के खिलाफ यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।
