बिजली विभाग की अनदेखी से किसान की फसल पर संकट, दो महीने से ट्रांसफॉर्मर पोल गिरे पड़े हैं

बेरां (भैरूलाल गुर्जर)। बैराम पंचायत के किसानों का कहना है कि मक्का की फसल पर बिजली विभाग की लापरवाही के चलते संकट मंडरा रहा है। करीब दो महीने पहले तेज बारिश के कारण खेत पर लगे ट्रांसफॉर्मर के पोल टूटकर जमीन पर गिर गए थे।
इसकी शिकायत ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शिविर में शिविर प्रभारी श्रीकांत व्यास से की थी। शिविर प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बिजली विभाग को दो दिन में समस्या का समाधान करने के आदेश दिए थे, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इन आदेशों की अब तक कोई पालना नहीं की है।
किसानों का कहना है कि फसल की सिंचाई के लिए बिजली की सख्त जरूरत है, लेकिन विभाग की उदासीनता के चलते न तो पोल बदले गए और न ही ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत हुई। दो महीने बीत जाने के बावजूद विभाग के किसी भी कर्मचारी ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा तक नहीं लिया है।
इस कनेक्शन का नाम ऊगमी उर्फ रायमल गुर्जर निवासी बेरा के नाम से दर्ज है, जो एक विधवा महिला हैं। वे भी विभाग के चक्कर काट-काटकर थक चुकी हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही बिजली की व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो मक्का की पूरी फसल बर्बाद हो सकती है। किसान ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द समाधान की मांग की है।
