फिर करवट लेगा मौसम, पूर्वी राजस्थान में बारिश बढ़ाएगी सर्दी

राजस्थान के कई शहरों में रात के तापमान में लगातार हो रही गिरावट ने मौसम का मिजाज सर्द कर दिया है लेकिन अब भी कई शहरों में दिन में पारा सामान्य या उससे ज्यादा दर्ज होने के कारण सर्दी के तेवर तीखे नहीं हो सके हैं। हालांकि मौसम विभाग ने इस सप्ताह प्रदेश के कोटा और उदयपुर समेत आसपास के कई इलाकों में बादल छाए रहने और कहीं कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार पूर्वी पाकिस्तान की ओर से अगले 24 घंटे में एक्टिव हो रहे एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई इलाकों में इस सप्ताह छिटपुट बौछारें गिरने के आसार हैं। ऐसे में दिन और रात के तापमान में आंशिक गिरावट होने की उम्मीद है। उत्तर पश्चिम के कुछ भागों में सुबह शाम में हल्की धुंध का असर भी रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 26 से 28 अक्टूबर के दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर व आसपास के कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने व हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान कुछ भागों में छिटपुट बौछारें गिरने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में इस दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
