डंपिंग यार्ड बना नेहरू विहार! दूषित माहौल में जीने को मजबूर जनता: समाजसेवी शर्मा ने उठाई आवाज

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा शहर की नेहरू विहार कॉलोनी (वार्ड 54), जिसे 2013 में आवंटित किया गया था, आज नगर निगम की घोर उपेक्षा के कारण नरकीय जीवन जीने को मजबूर है। समाजसेवी नारायण शर्मा ने कॉलोनी की बदहाली को उजागर करते हुए निगम प्रशासन के खिलाफ तीखी नाराजगी व्यक्त की है।
डंपिंग यार्ड में तब्दील कॉलोनी
नारायण शर्मा ने बताया कि कॉलोनी में पानी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की कोई व्यवस्था नहीं है। निगम द्वारा यहाँ कोई कर्मचारी भी नियुक्त नहीं किया गया है, जिसके चलते वार्ड 54 अब पूरी तरह से डंपिंग यार्ड में तब्दील हो चुका है। जगह-जगह कचरे के ढेर और गंदगी फैली हुई है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि आम जनता, निगम की अनदेखी के कारण, मैला पानी पीने और इस दूषित माहौल में रहने को मजबूर है। उन्होंने कहा, "निगम में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई काम नहीं हो पाया। निगम की लापरवाही के कारण यहाँ का वातावरण दूषित होता जा रहा है।"
उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए सवाल किया, "आम जनता जाए तो जाए कहाँ? चारों ओर गंदगी ही गंदगी है।"
समाजसेवी नारायण शर्मा ने जिला प्रशासन से तत्काल इस गंभीर समस्या पर ध्यान देने, कॉलोनी में सफाई और पेयजल की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
