ग्रामीणों ने रोडवेज बस सेवा पुनः शुरू करने की मांग की

ग्रामीणों ने रोडवेज बस सेवा पुनः शुरू करने की मांग की
X

भीलवाड़ा। बिजौलिया पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले खेराड़, ऊपरमाल एवं आसपास की करीब 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बूंदी से बिजौलिया होते हुए जयपुर तक चलने वाली रोडवेज बस सेवा को दुबारा शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवहन विभाग द्वारा इस बस को करीब चार महीने पहले बंद कर देने से सैकड़ों लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

ग्रामीण सौराज सिंह ने बताया कि यह बस पहले रोजाना बूंदी से रवाना होकर बिजौलिया में सुबह लगभग 11 बजे पहुंचती थी। इसके बाद यह वाया माल का खेड़ा, शक्करगढ़, जहाजपुर होते हुए जयपुर तक जाती थी। यह रास्ता बिजौलिया ऊपरमाल और खेराड़ क्षेत्र के लिए एकमात्र सीधी रोडवेज सेवा थी। ग्रामीणों के अनुसार, रोडवेज विभाग ने इस बस को मेले में लगाने के नाम पर बंद किया और अब तक इसे दोबारा चालू नहीं किया गया है।

बस बंद होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों तथा व्यवसायिक काम से जयपुर और जहाजपुर आने-जाने वाले लोगों को भारी असुविधा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि निजी बसें या अन्य साधन नियमित रूप से उपलब्ध नहीं होते, जिससे सरकारी रोडवेज सेवा बंद होना क्षेत्र के लिए बड़ी समस्या बन गई है।

Next Story