हाईवे पर मवेशियों का जमावड़ा बना दुर्घटनाओं का कारण
गुरला (बद्रीलाल माली)। राजसमंद-भीलवाड़ा हाईवे पर मुझरास टोल प्लाजा क्षेत्र में शाम ढलते ही बड़ी संख्या में गायों का जमावड़ा लग जाता है। गुरला गांव के राधव होटल के सामने और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के आसपास हाईवे पर मवेशियों के खड़े और बैठे रहने से दोपहिया व चारपहिया वाहनों की दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई वाहन चालक सड़क पर बैठे पशुओं को बचाने के प्रयास में हादसों का शिकार हो रहे हैं।
रात्रि के समय भी बड़ी संख्या में जानवर सड़क पर मौजूद रहते हैं, जिससे वाहन चालकों को अंधेरे में पशु दिखाई नहीं देते और दुर्घटनाएं हो रही हैं।
मुझरास टोल प्लाजा पर सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं किए गए हैं। हाईवे अथॉरिटी और टोल रोड कंपनी द्वारा पशुओं को सड़क से हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। साथ ही पशुओं के सींगों या गले में रेडियम स्टीकर या माला नहीं लगाए जाने से रात में उन्हें देखना मुश्किल हो जाता है, जिससे हादसों की संभावना और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हाईवे अथॉरिटी, टोल कंपनी, प्रशासन, गौशाला और गौसेवक मिलकर प्रयास करें तो इन हादसों को रोका जा सकता है। सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाने और उनके सींगों व गले में रेडियम माला लगाने से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। इससे न केवल पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि वाहन चालकों की जानमाल का नुकसान भी रोका जा सकेगा।
