क्रिसमस पूर्व संध्या पर भीलवाड़ा में कंटाटा सर्विस का आयोजन, समाज की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

क्रिसमस पूर्व संध्या पर भीलवाड़ा में कंटाटा सर्विस का आयोजन, समाज की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
X



भीलवाड़ा संपत माली। प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव क्रिसमस की पूर्व संध्या पर किश्चियन सेवा समिति के तत्वावधान में कंटाटा सर्विस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भीलवाड़ा नगर निगम के टाउन हॉल में संपन्न हुआ, जिसमें शहर के सभी 11 चर्चों से जुड़े क्रिश्चियन समाज के लोगों ने भाग लिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज की 25 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इनमें खेल क्षेत्र की 8, शिक्षा क्षेत्र की 13 प्रतिभाएं, 3 सामाजिक बेस्ट वर्कर्स और सेवानिवृत्त सामाजिक व्यक्तियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

समिति अध्यक्ष गुडविन मसीह ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत फादर विंसेंट डामोर द्वारा प्रभु की प्रार्थना से की गई। इसके बाद बाइबल पाठ नेन्सी और जोइस कुरियन ने किया, जबकि बाइबल का संदेश फादर जीपसम थॉमस ने दिया। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों और समाजजनों का स्वागत अध्यक्ष गुडविन मसीह द्वारा किया गया।

कंटाटा सर्विस में शहर के सभी 11 चर्चों की ओर से प्रभु यीशु के भजनों, नाट्य रूपांतरण और नृत्यों की प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने चरणी सजाकर माता मरियम, यूसुफ, गड़रिये और ज्योतिषी बनकर नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।

गुडविन मसीह ने बताया कि कार्यक्रम में संगीत, भजन, लघु नाटिकाएं और बच्चों द्वारा बाइबल पाठ की विशेष प्रस्तुतियां दी गईं। धर्मगुरुओं में फादर विंसेंट डामोर, फादर जीपसम थॉमस, फादर सोनू जॉर्ज, वर्गीस जिक्सन, पास्टर नितिन हारून, पास्टर परमजीत माइकल, फादर पोल्सन, ब्रदर विपिन मसीह, पास्टर विपिन हारून सहित कई धर्मगुरु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण रामलाल जाट, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शहर शिवराम खटीक, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारिक, पूर्व सभापति मधु जाजू और प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य मनोज पालीवाल मौजूद रहे।

कंटाटा सर्विस का संचालन अरविंद मसीह ने किया। इस अवसर पर थॉमस वर्गीस, सुनील जोन, रेजी मैथ्यू, विवेक एलिस, दीपक एडवर्ड, शैलेन्द्र सिंह, विपिन मसीह, मनोज जॉर्ज, माया मसीह, सुनिता नाथ, सिलास गायकवाड़ और बीजू मैथ्यू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में अरविंद मसीह ने सभी अतिथियों, चर्चों के फादरों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Next Story