भीलवाड़ा: शांतिपूर्ण संपन्न हुआ होलिका दहन, धुलंडी के रंगों भरे पर्व के लिए शहर तैयार

भीलवाड़ा विजय गढ़वाल
भीलवाड़ा शहर सहित जिले भर में आज होलिका दहन का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व के बाद अब शहरवासी धुलंडी के रंगों भरे त्योहार के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बाजारों में गुलाल और रंगों की खरीदारी के साथ ही युवाओं की टोलियां उत्सव की तैयारियों में जुटी नजर आईं।
हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
होली और धुलंडी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर के मुख्य चौराहों और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शराब पीकर उत्पात मचाने, पर्यटकों से अभद्रता करने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
शमशान में चिता की राख से होली
पंचमुखी मोक्षधाम में अनूठी परंपरा के तहत चिता की राख से शमशान होली खेली जा रही है। इस दौरान भेरुजी की सवारी निकाली जा रही है और भक्त भक्ति गीतों के साथ चिता की राख से होली खेल रहे हैं।
सोशल मीडिया और साइबर ठगी से सावधान रहने की सलाह
त्योहार के सीजन में साइबर अपराधियों से बचने के लिए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। होली के नाम पर आने वाले लुभावने ऑफर, संदिग्ध लिंक या कॉल से सावधान रहने को कहा गया है। साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, सांप्रदायिक या आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर पाबंदी लगाई गई है। ऐसी गतिविधियों पर साइबर सेल की कड़ी निगरानी रहेगी।
ड्रंक एंड ड्राइव पर होगी बड़ी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष टीमें गठित की हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे में गाड़ी चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी। सुरक्षित होली मनाने के लिए हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 773774145
