भीलवाड़ा में खाकी पर चढ़ा फागुनी रंग: कलेक्टर-एसपी ने पुलिसकर्मियों संग लगाए जमकर ठुमके
भीलवाड़ा अंकुर सनाढ्य | शहर में दो दिनों तक आम जनता द्वारा हर्षोल्लास के साथ होली खेलने के बाद, आज 'खाकी' के आंगन में खुशियों के रंग बरसे। पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में जिले के आला अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर न केवल रंग-गुलाल उड़ाया, बल्कि होली के गीतों पर जमकर थिरके भी।
जब वर्दी पर चढ़ा गुलाल का गुमान
गुरुवार को पुलिस लाइन के मैदान में नजारा आम दिनों से बिल्कुल जुदा था। अनुशासन के घेरे में रहने वाले पुलिसकर्मी आज पूरी तरह मस्ती के मूड में नजर आए। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव खुद इस जश्न का हिस्सा बनने पहुंचे। दोनों ही अधिकारियों ने पुलिस के जवानों और अधिकारियों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
फिल्मी गानों पर थिरके कदम
होली के इस जश्न में उस समय उत्साह दोगुना हो गया जब फिल्मी और राजस्थानी होली गीतों की धुन बजी। कलेक्टर संधू और एसपी यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ कदम से कदम मिलाकर जमकर डांस किया। उन्हें अपने बीच पाकर पुलिसकर्मियों का उत्साह सातवें आसमान पर था। पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों ने भी ढोल की थाप और डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया।
कर्तव्य के बाद अब जश्न की बारी
गौरतलब है कि होली के पर्व पर जब पूरा शहर उत्सव मनाता है, तब पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए मुस्तैदी से तैनात रहते हैं। जनता की होली शांतिपूर्ण संपन्न कराने के बाद आज पुलिस ने अपनी होली मनाई। इस दौरान अधिकारियों ने जवानों का मनोबल बढ़ाया और कहा कि ऐसे आयोजनों से तनाव दूर होता है और टीम भावना बढ़ती है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
