विद्युत विभाग की लापरवाही से हरिजन बस्ती में दहशत, कई घरों के उपकरण जले

भीलवाड़ा -डॉ. अंबेडकर कॉलोनी, एफ.सी.आई. रोड स्थित हरिजन बस्ती में असुरक्षित विद्युत पोल और डीपी (क्च्) क्षेत्रवासियों के लिए जी का जंजाल बन गए हैं। इस ज्वलंत समस्या के स्थाई समाधान हेतु कोहिनूर सेवा समिति ने स्थानीय विधायक अशोक कोठारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
कोहिनूर सेवा समिति के अध्यक्ष छीतर लाल गेंगट ने बताया कि 10 मार्च 2026 की सुबह करीब 6.30 से 7.00 बजे के बीच डीपी में अचानक भीषण शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आसपास के 20-25 घरों के पंखे, टीवी, गीजर, फ्रीज, पानी की मोटर और अन्य कीमती विद्युत उपकरण जलकर राख हो गए। कॉलोनी के निवासियों में डर का माहौल है, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा दांव पर लगी है।
गेंगट ने बताया कि यह डीपी और पोल लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं। इनसे लगातार निकलने वाली चिंगारियों और करंट की चपेट में आने से पूर्व में एक गाय और एक बछड़े की मौत भी हो चुकी है। बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।
खतरनाक विद्युत पोल और डीपी को तत्काल हटाकर किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। शॉर्ट सर्किट से प्रभावित गरीब परिवारों को उनके आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए।
भविष्य में होने वाले संभावित बड़े हादसों को रोकने के लिए पूरे क्षेत्र की विद्युत लाइन की जांच हो।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और विद्युत विभाग ने जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो किसी भी अनहोनी की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
