युवक पर हमले का मामला-पति अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच, पत्नी ने एसपी से लगाई गुहार

भीलवाड़ा (पुनीत)। जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले और अपहरण के मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीडि़त परिवार दहशत में है। बुधवार को पीडि़त की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
रास्ते में घेरकर किया हमला
हाथीपुरा निवासी माया देवी रेगर ने एसपी को दी गई रिपोर्ट में बताया कि 9 मार्च की शाम को कालू लाल उर्फ अरविंद ने उसके पति कैलाश रेगर को फोन कर सवाईपुर बुलाया था। जब कैलाश बाइक से जा रहा था, तब कुडी और हाथीपुरा के बीच एक स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उसे रोक लिया।
जातिगत गालियां और मारपीट
आरोप है कि पवन, सत्यनारायण, पुष्पा और अन्य 2-3 लोगों ने लाठियों और टामियों से लैस होकर कैलाश पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जातिगत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कैलाश के हाथ-पैर तोड़ दिए। इसके बाद आरोपी उसे लहूलुहान हालत में अपहरण कर उसके घर के बाहर फेंक गए और परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दी।
अस्पताल में भर्ती, गिरफ्तारी का इंतजार
पीडि़ता ने बताया कि उसके पति वर्तमान में महात्मा गांधी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरणासन्न हालत में भर्ती हैं। इस संबंध में बड़लियास थाने में मुकदमा नंबर 67/2026 दर्ज है, जिसकी जांच डीएसपी मांडलगढ़ कर रहे हैं। माया देवी का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं और वे लगातार परिवार को डरा-धमका रहे हैं।
