राशनकार्ड धारकों की मौज: अप्रैल में ही मिलेगा तीन माह का मुफ्त गेहूं, पूरे प्रदेश के लिए आदेश जारी

भीलवाड़ा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) से जुड़े करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए अप्रैल माह में ही आगामी तीन महीनों (अप्रैल, मई और जून) का गेहूं एक साथ वितरित करने का निर्णय लिया है। विभाग के इस कदम से भीषण गर्मी के बीच बार-बार राशन की दुकान के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।
अंत्योदय और बीपीएल परिवारों को मिलेगा लाभ
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के उपायुक्त एवं उपशासन सचिव सुनील पूनिया द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, अंत्योदय (AAY), बीपीएल (BPL), स्टेट बीपीएल और प्राथमिकता श्रेणी (PHH) के राशनकार्ड धारकों को उनकी पात्रता के अनुसार निःशुल्क गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मई और जून माह का आवंटन भी अप्रैल के साथ ही जोड़ दिया गया है।
30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत उठाव के निर्देश
विभाग ने जिला रसद अधिकारियों (DSOR) को सख्त निर्देश दिए हैं कि भारतीय खाद्य निगम (FCI) से गेहूं का उठाव तुरंत शुरू कर 30 अप्रैल तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि उठाव की अवधि में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
पारदर्शिता के लिए पॉस मशीन और वेइंग स्केल अनिवार्य
वितरण प्रक्रिया में गड़बड़ी रोकने के लिए विभाग ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
वास्तविक वजन: राशन वितरण के दौरान ग्राहक पर्ची तभी जारी होगी जब पॉस मशीन से जुड़े वेइंग स्केल पर वास्तविक वजन देख लिया जाएगा।
ऑनलाइन एंट्री: आवंटन, उठाव और वितरण से जुड़ी हर प्रविष्टि विभागीय पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
वन नेशन-वन राशन कार्ड: इस योजना के तहत अन्य राज्यों के लाभार्थियों के लिए भी अतिरिक्त आवंटन सुनिश्चित किया गया है।
जिला रसद अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
जिला रसद अधिकारियों को पाबंद किया गया है कि वे समय पर उचित मूल्य की दुकानों (राशन की दुकानों) तक स्टॉक पहुंचाएं ताकि उपभोक्ताओं को अप्रैल माह में ही अपनी तीन महीने की खुराक मिल सके।
