दुर्गा शक्ति अखाड़ा की 74वीं शाखा का भव्य शुभारंभ, बालिकाओं को मिलेगा आत्मरक्षा व संस्कारों का प्रशिक्षण

दुर्गा शक्ति अखाड़ा की 74वीं शाखा का भव्य शुभारंभ, बालिकाओं को मिलेगा आत्मरक्षा व संस्कारों का प्रशिक्षण
X

भीलवाड़ा। शहर के महिला आश्रम स्कूल के समीप मालीखेड़ा स्थित अशोक नगर पार्क में आज दुर्गा शक्ति अखाड़ा की 74वीं शाखा का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालिकाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस पहल को समर्थन दिया।

अखाड़ा प्रारंभ होते ही बालिकाओं को तलवार घुमाने, लकड़ी संचालन सहित आत्मरक्षा के विविध अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने, अनुशासन, साहस और आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा।

अखाड़े का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को खेलकूद से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनाना तथा सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता फैलाकर समाज में नवचेतना का संचार करना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से बेटियों को न केवल आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे, बल्कि उन्हें संस्कारवान और आत्मबल से परिपूर्ण बनाने का भी प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। शुभारंभ अवसर पर मातृशक्ति के रूप में कविता, मुस्कान, भावना, मोहनी, सीता देवी, कृष्णा देवी, संगीता देवी, मोहनी देवी, कविता देवी सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।

Next Story