हिन्दू एकता का विराट प्रदर्शन- जवाहर नगर में 8 फरवरी को होगा विराट हिन्दू सम्मेलन, गूंजेगा एकता के नारों से

भीलवाड़ा। हिन्दू समाज की सांस्कृतिक चेतना और संगठन शक्ति के प्रदर्शन के लिए जवाहर नगर क्षेत्र में रविवार 8 फरवरी को विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह चरम पर है और पूरे दिन धार्मिक, सांस्कृतिक तथा राष्ट्रभाव से ओतप्रोत कार्यक्रम होंगे।

आयोजन की शुरुआत प्रात: छह बजे चारभुजा मंदिर जवाहर नगर से प्रभात फेरी के साथ होगी। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे और भजन कीर्तन के साथ हिन्दू एकता का संदेश देंगे।

इसके बाद सुबह 11.30 बजे बालाजी मंदिर मोक्षधाम से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचेगी। कलश यात्रा को लेकर युवाओं और महिलाओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।

सायं 4.30 बजे से राजगुरु संघ स्थान जवाहर नगर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और ओजस्वी उद्बोधन होंगे। विभिन्न वक्ता हिन्दू समाज की एकता, परंपरा और संस्कारों पर अपने विचार रखेंगे। आयोजन समिति ने शहरवासियों से सभी कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने और हिन्दू एकता का परिचय देने की अपील की है। सम्मेलन का मुख्य संदेश एकता का संकल्प बताया गया है, जिसके तहत समाज को संगठित रहने और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का आह्वान किया जाएगा।

Next Story