भीलवाड़ा शिक्षा विभाग में बड़ी लापरवाही: 8वीं बोर्ड परीक्षा में विज्ञान की जगह खोल दिया सामाजिक विज्ञान का पेपर; 5 को चार्जशीट

भीलवाड़ा जिले के पंडेर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (राउमावि) में 8वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसने परीक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। परीक्षा केंद्र पर अधिकारियों और कर्मचारियों की भारी चूक के चलते विज्ञान विषय के स्थान पर सामाजिक विज्ञान के प्रश्न-पत्र का लिफाफा खोल दिया गया।
शिक्षक की सतर्कता ने बचाया 'पेपर आउट' का कलंक
यह घटना 23 फरवरी की है। पंडेर थाने से पेपर के लिफाफे लाने के बाद केंद्र पर उन्हें खोलने की तैयारी पूरी थी। दोपहर 1:25 बजे जब लिफाफा खोला जा रहा था, तभी संस्कृत के वरिष्ठ अध्यापक दिनेश कुमार रेगर की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तुरंत टोकते हुए बताया कि यह आज के विषय (विज्ञान) का नहीं, बल्कि सामाजिक विज्ञान का पेपर है। शिक्षक की इस सतर्कता से पेपर परीक्षार्थियों के हाथों में पहुंचने से बच गया, वरना पूरे प्रदेश में पेपर आउट होने का बड़ा विवाद खड़ा हो जाता।
मामले को दबाने की हुई कोशिश, 20 मिनट देरी से शुरू हुई परीक्षा
हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर चूक को दबाने के लिए जहाजपुर के सीबीईओ और स्कूल प्रधानाचार्य ने उच्च अधिकारियों को सूचना देने में देरी की। 23 फरवरी की घटना की जानकारी डीईओ को 24 फरवरी को दी गई। भनक लगने के बाद एडीपीसी (समसा) कल्पना शर्मा ने जांच दल गठित किया। घटना के दिन आनन-फानन में स्टाफ दोबारा थाने दौड़ा और विज्ञान का पेपर लेकर आया, जिससे परीक्षा 20 मिनट की देरी से शुरू हुई। केंद्र पर कुल 186 परीक्षार्थी मौजूद थे।
बिना देखे रजिस्टर में कर दिए थे साइन
जांच में सामने आया कि थाने से पेपर लाते समय प्रधानाचार्य और अधिकारियों ने लिफाफे को देखा ही नहीं और रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर दिए। स्कूल पहुंचने पर भी वीक्षकों ने बिना जांच किए अपनी सहमति दे दी। इस घोर लापरवाही को देखते हुए विभाग ने केन्द्राधीक्षक सहित 5 लापरवाह कार्मिकों के खिलाफ चार्जशीट (17-सीसी) के प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं।
अधिकारी का कथन: "चूंकि गलत पेपर किसी भी परीक्षार्थी के हाथ में नहीं गया, इसलिए इसे पेपर आउट नहीं माना गया है। लेकिन अधिकारियों की लापरवाही अक्षम्य है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।" - जांच दल रिपोर्ट
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा | फोन: 7737741455
