बडलियास: चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में ऐतिहासिक कदम, 8.36 करोड़ की लागत से बनने वाले नवीन CHC भवन का शिलान्यास

गेंदलिया/बडलियास। राजस्थान सरकार की बजट घोषणा के तहत बडलियास उपतहसील मुख्यालय पर रविवार को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के एक नए युग का सूत्रपात हुआ। डीएमएफटी (DMFT) योजना के अंतर्गत 8 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के नवीन भवन का विधि-विधानपूर्वक भूमि पूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य एवं मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्टिका का अनावरण कर अतिथियों ने क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं की यह बड़ी सौगात समर्पित की।
ग्रामीणों को नहीं जाना पड़ेगा दूरस्थ शहर: जनप्रतिनिधि
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का प्राथमिक उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च स्तरीय और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है। वहीं, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस आधुनिक भवन के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को अब गंभीर उपचार के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
वरिष्ठ नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, नंदराय मंडल अध्यक्ष प्रकाश सांगावत, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश शर्मा, राधेश्याम पोरवाल, कोटड़ी पंचायत समिति सदस्य दिलीप सिंह राणावत, महामंत्री गोपाल राजस्थला और बडलियास सरपंच प्रकाश चन्द्र रैगर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में शोभालाल जाट, शिवलाल जाट, भंवर सिंह राणावत, युवराज सिंह राणावत, कमलेश पोरवाल, मुकेश पारवाल, मुकेश शर्मा, रोशन वैष्णव सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों ने भी शिरकत की।
हजारों नागरिकों को मिलेगा लाभ
यह नवीन स्वास्थ्य केंद्र आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इससे बडलियास सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों नागरिकों को त्वरित और बेहतर इलाज सुलभ हो सकेगा। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
