बिजौलिया में पत्रकार पर हमला: 9 दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

भीलवाड़ा/बिजौलिया। जिले के बिजौलिया कस्बे में एक स्थानीय पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और लूटी गई संपत्ति बरामद न होने से पीड़ित पत्रकार और उनका परिवार गहरे खौफ में है।
घर के बाहर हुआ था जानलेवा हमला
बिजौलिया निवासी पत्रकार श्याम विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में घटना का विवरण देते हुए बताया कि 1 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे जब वे अपने घर के बाहर थे, तभी चार आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके गले से करीब 30 ग्राम सोने की चेन और 11 हजार रुपए नकद छीन लिए। इस संबंध में बिजौलिया थाने में नामजद एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
नामजद आरोपी अब भी पुलिस पकड़ से दूर
हैरानी की बात यह है कि घटना के 9 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि पुलिस ने नामजद आरोपी लक्ष्मीनारायण उर्फ कालू अहीर और हेमंत जांगिड (निवासी कोटा) को हिरासत में लिया है, लेकिन वारदात में शामिल मुख्य आरोपी योगेश अहीर सहित अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पीड़ित का आरोप है कि फरार आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है।
भय के साये में पीड़ित परिवार
पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने और आरोपियों के खुलेआम घूमने के कारण पीड़ित पत्रकार का परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है। मामले में पुलिस और आरोपियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई गई है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब तक सख्त कदम उठाता है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
