भ्रष्टाचार के खिलाफ मांडलगढ़ विधायक के तीखे तेवर: विधानसभा में गूँजा 90 क्विंटल गेहूं गबन का मुद्दा
राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र की उचित मूल्य दुकानों में व्याप्त भारी भ्रष्टाचार और राशन के गेहूं के गबन का मामला प्रमुखता से उठाया। प्रश्नकाल के दौरान विधायक खंडेलवाल ने ग्राम पंचायत लाडपुरा और बरुंदनी में राशन वितरण में हो रही अनियमितताओं को लेकर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री को घेरा।
विधायक खंडेलवाल ने सदन को सूचित किया कि लाडपुरा की उचित मूल्य दुकानदार रेणु कुमारी मीणा द्वारा राशन वितरण में गंभीर धांधली की गई है। विभागीय जांच में भी लगभग 90.41 क्विंटल गेहूं का गबन प्रमाणित हो चुका है। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की पुष्टि के बावजूद विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई में देरी की जा रही है, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक ने कड़े शब्दों में कहा, "जब भ्रष्टाचार सिद्ध हो चुका है और 90 क्विंटल से अधिक गेहूं गायब मिला है, तो दोषियों को संरक्षण क्यों दिया जा रहा है? गरीबों के हक के अनाज की चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
मंत्री का जवाब: मामला न्यायालय में प्रक्रियाधीन
विधायक के सवालों का जवाब देते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि लाडपुरा मामले में विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदार का प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिया था और प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, वर्तमान में मामला उच्च न्यायालय में होने के कारण विधिक प्रक्रिया के अधीन है।
इस पर विधायक खंडेलवाल ने पुनः जोर देते हुए मांग की कि विभाग न्यायालय में मजबूती से सरकार का पक्ष रखे ताकि राशन माफियाओं पर नकेल कसी जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे क्षेत्र में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
